
एवरेस्ट फतह करने निकल पड़ी छत्तीसगढ़ की बेटी, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ की होनहार पर्वतारोही अमिता श्रीवास अब दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराने के मिशन पर निकलने जा रही हैं। इस साहसिक अभियान से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं और उनके हौसले की सराहना की।
मुख्यमंत्री निवास में हुई इस मुलाकात के दौरान साय ने कहा कि 9 अप्रैल को अमिता काठमांडू के लिए रवाना होंगी, जहां से वे अपने एवरेस्ट अभियान की शुरुआत करेंगी। उन्होंने इस यात्रा को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के सपनों और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया।
साय ने कहा कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। आज प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। अमिता का यह प्रयास भी इसी प्रेरणा का उदाहरण है।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अमिता श्रीवास इससे पहले वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर माउंट किलिमंजारो फतह कर चुकी हैं, जो उनके दृढ़ निश्चय और क्षमता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अमिता अपने इस अभियान में सफलता हासिल कर माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराएंगी और छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से अमिता को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपार्टमेंट की लिफ्ट में आग, सिक्योरिटी गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं का सराहनीय कदम: 3 दिन में 149 यूनिट रक्तदान
5 किलो गैस सिलेंडर की मांग बढ़ी, 6 लाख से ज्यादा की बिक्री दर्ज



















