
ऑपरेशन साइबर शील्ड: डिजिटल अरेस्ट और करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 15 मई 2026 – रायपुर रेंज पुलिस की साइबर अपराधों के खिलाफ चल रही बड़ी कार्रवाई के तहत “ऑपरेशन साइबर शील्ड” में पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट और म्यूल बैंक खातों के जरिए करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ से जुड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के सदस्य शामिल हैं।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजेक्शन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की। पुलिस जांच में सामने आया कि एक आरोपी द्वारा 18 म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिनमें करीब 10.76 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन पाया गया। इन खातों से जुड़े 88 साइबर फ्रॉड मामलों की रिपोर्ट देश के 17 राज्यों में दर्ज है।
जांच में लिंक फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग स्कैम, YONO APK फ्रॉड, पार्ट टाइम जॉब ठगी, क्रिप्टो ट्रेडिंग, फिशिंग, लॉटरी स्कैम, OTP शेयरिंग, सिम स्वैपिंग, OLX और होटल बुकिंग फ्रॉड जैसे कई मामलों के कनेक्शन सामने आए हैं।
पहले मामले में रायपुर निवासी सपन कुमार को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर कॉल किया गया और मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर उन्हें 24 घंटे वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया। इसके बाद उनसे करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने जांच के दौरान 60 लाख रुपये होल्ड कर पीड़ित को वापस दिलाए और मुख्य आरोपी आर्यन सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया।
दूसरे मामले में आरोपी ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर पुष्पा अग्रवाल नाम की महिला को CBI केस का डर दिखाया और करीब 42 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में कर्नाटक के हुबली निवासी जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो पेशे से सॉफ्टवेयर डेवलपर बताया जा रहा है।
तीसरे मामले में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 104 म्यूल अकाउंट और मोबाइल सिम के जरिए करोड़ों की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इस मामले में पुलिस अब तक 92 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान डोंगरगढ़ निवासी राजदीप सिंह भाटिया उर्फ यश भाटिया को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। साइबर थाना अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ट्रांजेक्शन की जांच में जुटा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी:
-
आर्यन सिंह (22 वर्ष) – वर्तमान पता: आर मंगलम यूनिवर्सिटी, गुड़गांव/दिल्ली, स्थायी पता: धूमनगंज, इलाहाबाद (उत्तरप्रदेश)
-
जितेंद्र कुमार (33 वर्ष) – निवासी हुबली-धारवाड़, कर्नाटक
-
राजदीप सिंह भाटिया उर्फ यश भाटिया (29 वर्ष) – निवासी डोंगरगढ़, राजनांदगांव
एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चमकी राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव, जीते रजत और कांस्य पदक
चीन ने अमेरिकी कंपनियों को दिया बड़ा संदेश, शी जिनपिंग बोले- “यूएस बिजनेस के लिए और खुलेंगे अवसर”
श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया ए टीम घोषित, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पहली बार मौका



















