“डायल-112 फेस-02 नेक्स्ट जेनरेशन” के तहत ERV स्टाफ को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

0
23

रायपुर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में “डायल-112 फेस-02 नेक्स्ट जेनरेशन” परियोजना के तहत इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) स्टाफ और चालकों की दक्षता बढ़ाने के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण सिविल लाइंस स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें रायपुर कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के 54 ईआरवी वाहनों से जुड़े पुलिस कर्मचारी और चालक शामिल हुए। प्रशिक्षण से 125 से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिला।

रिस्पांस टाइम और मुस्तैदी पर जोर

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने की। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित रिस्पांस टाइम के महत्व पर जोर दिया।

वहीं, डायल-112 की नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा ने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें फील्ड में हर परिस्थिति का सामना सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को विभिन्न आपात स्थितियों से निपटने के लिए व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रमुख विषयों में शामिल रहे—

  • मेडिकल इमरजेंसी प्रबंधन
  • आगजनी से बचाव और नियंत्रण
  • कानून-व्यवस्था ड्यूटी
  • ईआरवी वाहनों की विजिबिलिटी और त्वरित तैनाती
  • प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर प्रशिक्षण

आगजनी प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण

अग्निशमन केंद्र टिकरापारा के स्टेशन प्रभारी निरीक्षक लिलेश्वर सिंह राजपूत और उनकी टीम ने भीषण गर्मी के दौरान आग से बचाव और नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी। कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया।

सीपीआर और प्राथमिक उपचार की जानकारी

मेडिकल इमरजेंसी सत्र में डॉ. सार्थक नंदा और उनकी टीम ने प्राथमिक उपचार, गर्भवती महिलाओं को तत्काल सहायता और सीपीआर (CPR) तकनीक का प्रदर्शन कर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया।

नागरिकों से डायल-112 उपयोग करने की अपील

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में बिना संकोच डायल-112 सेवा का उपयोग करें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए पुलिस चौबीसों घंटे तत्पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here