गुरिंदरवीर सिंह ने रचा इतिहास, 100 मीटर दौड़ में बनाया नया नेशनल रिकॉर्ड

0
128

फेडरेशन कप में 10.09 सेकंड में दौड़ पूरी कर जीता गोल्ड मेडल


नई दिल्ली झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित 2026 एथलेटिक्स फेडरेशन कप में भारतीय धावक गुरिंदरवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ मात्र 10.09 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद गुरिंदरवीर सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा कि आगे भी कड़ी मेहनत और बेहतर ट्रेनिंग के जरिए वह और अच्छे प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।

मानसिक मजबूती बनी सफलता की कुंजी
गुरिंदरवीर ने अपनी जीत का श्रेय मानसिक मजबूती को दिया। उन्होंने कहा कि अंतिम क्षणों में खेल सिर्फ शारीरिक ताकत का नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती का भी होता है और इस बार वह खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखने में सफल रहे।

भारतीय स्प्रिंटिंग को लेकर तोड़ी पुरानी धारणा
उन्होंने बताया कि बचपन में अक्सर लोग कहते थे कि भारतीय खिलाड़ी 100 मीटर स्प्रिंट में सफल नहीं हो सकते। लोग उन्हें 400 मीटर दौड़ने की सलाह देते थे, क्योंकि मिल्खा सिंह उस स्पर्धा के बड़े नाम थे।

गुरिंदरवीर ने कहा कि उनके मन में हमेशा यह सपना था कि वह भारतीय स्प्रिंटिंग के लिए नया रास्ता बनाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां यह सोच सकें कि भारतीय खिलाड़ी भी 100 मीटर दौड़ में दुनिया में पहचान बना सकते हैं।

परिवार ने जताया गर्व
गुरिंदरवीर की मां रूपिंदर कौर ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि बचपन से ही गुरिंदरवीर बेहद मेहनती और खुशमिजाज थे।

वहीं उनके पिता कमलजीत सिंह ने कहा कि गुरिंदरवीर पिछले 12 वर्षों से लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह खुद वॉलीबॉल खिलाड़ी रहे हैं और चाहते थे कि उनका बेटा भी खेलों में देश का नाम रोशन करे।

कोचों के योगदान को सराहा
गुरिंदरवीर के पिता ने उनके कोचों के योगदान की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि शुरुआती कोचों ने बुनियादी प्रशिक्षण मजबूत किया, जबकि जालंधर में कोच हैप्पी ने उन्हें परिवार के सदस्य की तरह सहयोग दिया, जिसकी बदौलत आज वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here