
रायपुर रायपुर ग्रामीण के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में एक बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब पीने और घर में लोगों को बुलाकर शराबखोरी करने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने लकड़ी के डंडे से हमला कर पिता की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 25 मई 2026 की रात करीब 9 बजे वार्ड क्रमांक 4, तिल्दा नेवरा में हुई। मृतक संतू कोठारी और उनके बेटे बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू के बीच शराब सेवन को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए बीरेन्द्र ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से संतू कोठारी की मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश
घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने के लिए घटनास्थल की सफाई की और मृतक को खाट पर लिटा दिया, ताकि हत्या की जानकारी तुरंत सामने न आ सके।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा, शव परीक्षण तथा घटनास्थल निरीक्षण की कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बीरेन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत धारा 103(1) और 238 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: –
बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू पिता संतोष कोठारी, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर



















