
रायसेन/नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। यह विशेष अभियान 1 जून से 30 जून तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा।
किसानों को जागरूक करना है उद्देश्य
अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को उर्वरकों के संतुलित और वैज्ञानिक उपयोग के प्रति जागरूक करना, मौसम संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए समय पर सलाह उपलब्ध कराना तथा पंचायत स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
कृषि योजनाओं का मिलेगा लाभ
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अभियान के दौरान किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इनमें—
- किसान क्रेडिट कार्ड (KCC)
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना
- मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना
जैसी प्रमुख योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्रियों से की सहयोग की अपील
शिवराज सिंह चौहान ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास जरूरी हैं।
जनआंदोलन बनाने की तैयारी
कृषि मंत्री ने इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़े एक व्यापक जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि किसानों, पंचायतों, कृषि वैज्ञानिकों और स्थानीय प्रशासन की सहभागिता से अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
यह अभियान खरीफ सीजन से पहले किसानों को जागरूक करने और कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


















