
मुख्यमंत्री की सराहना के बाद मुक्ता काशी मंच पर प्रस्तुति से बटोरी खूब वाहवाही
रायपुरराजधानी रायपुर की 10 वर्षीय बाल कलाकार अरुणिमा शर्मा ने एक बार फिर अपनी गायकी और हारमोनियम वादन से दर्शकों का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से प्रशंसा मिलने के कुछ दिनों बाद ही उन्होंने मुक्ता काशी मंच पर भरथरी गायन की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
पहली भरथरी प्रस्तुति को मिला शानदार प्रतिसाद
छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग द्वारा महंत घासीदास संग्रहालय में आयोजित ‘आकार 2026’ कला प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में अरुणिमा ने भरथरी गायन के जन्म प्रसंग पर आधारित प्रस्तुति दी। भरथरी शैली में यह उनकी पहली मंचीय प्रस्तुति थी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
लोककला प्रशिक्षण का दिखा प्रभाव
अरुणिमा ने शिविर के दौरान कलागुरु प्रांजल सिंह राजपूत से भरथरी कला का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने हारमोनियम के साथ वंदे मातरम् और अरपा पैरी के धार की प्रस्तुति से की। इसके बाद भरथरी गायन की कथा और लोकधुनों ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री भी कर चुके हैं तारीफ
इससे पहले मई में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंच से अरुणिमा की प्रतिभा की सराहना की थी। उन्होंने नन्ही कलाकार की गायकी और वादन कौशल को प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी थीं।
कम उम्र में बनाई अलग पहचान
अरुणिमा लोकगीत, भजन, गजल, हिंदी गीत और शास्त्रीय संगीत जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। विभिन्न सांस्कृतिक और संगीत प्रतियोगिताओं में भी वह कई सम्मान और खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।



















