
रायपुर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने बी.एस.यू.पी. कॉलोनी में व्यापक आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब 100 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्र में सघन जांच की।
300 से अधिक मकानों का सत्यापनअभियान के तहत थाना सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र की बी.एस.यू.पी. कॉलोनी में 300 से ज्यादा मकानों की जांच और सत्यापन किया गया।
गुंडा-बदमाशों और संदिग्धों पर नजर
पुलिस टीमों ने क्षेत्र में रहने वाले गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, आदतन अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। साथ ही किराएदारों और बाहर से आकर रहने वाले लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया।
घर-घर पहुंची पुलिस
पुलिस ने घर-घर जाकर निवासियों से जानकारी जुटाई और सुरक्षा संबंधी जरूरी सुझाव दिए। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और बाहरी व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई।
असामाजिक तत्वों को दी चेतावनी
जांच के दौरान चिन्हित किए गए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे विशेष चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।


















