
रायपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आज 21 जून को छत्तीसगढ़ सहित देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में नीट-यूजी पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
एनटीए ने पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक आधिकारिक व्हाट्सएप संचार चैनल भी शुरू किया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि सभी आधिकारिक व्हाट्सएप संदेश केवल उसके सत्यापित नंबर 78 27 98 02 87 से ही भेजे जाएंगे।
इस बीच, परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष रेल सेवाओं की व्यवस्था की है। रायपुर रेल मंडल प्रबंधक दयानंद के अनुसार, रेलवे द्वारा कोरबा-दुर्ग-कोरबा के बीच मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें आज संचालित की जाएंगी। साथ ही हसदेव एक्सप्रेस का अस्थायी विस्तार दुर्ग तक किया गया है।
पुनर्परीक्षा से पहले एनटीए ने परीक्षा तैयारियों और व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए कल राष्ट्रव्यापी मॉक ड्रिल भी आयोजित की थी।



















