
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पहली घटना अंधियारखोर क्षेत्र की है, जहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर अचानक पलट गया। हादसे के समय ट्रैक्टर में सवार एक युवक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरी घटना कारिआम घाट के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और हादसों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



















