
सारंगढ़-बिलाईगढ़। बरमकेला विकासखंड के ग्राम पंचायत खिचरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव और बीज उत्सव कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शिरकत की। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय परिसर को फलदार और छायादार वृक्षों के बीजों से तैयार सीड बॉल्स से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह सजावट कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बनी रही।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं नृत्य कार्यक्रमों का आनंद लिया और बच्चों की प्रतिभा व उत्साह की सराहना की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन भी ग्रहण किया।
बीज उत्सव के तहत महिला स्व-सहायता समूहों ने मिट्टी के गोलों में विभिन्न प्रकार के बीज भरकर सीड बॉल्स तैयार किए। वर्षा ऋतु के दौरान इन सीड बॉल्स को गोमर्डा अभयारण्य और जिले के बंजर क्षेत्रों में फैलाया जाएगा, जिससे हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन मिलेगा।
जिले में वर्तमान में 1 लाख सीड बॉल निर्माण महाअभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत केवल बरमकेला ब्लॉक में ही महिला समूहों द्वारा अब तक 45 हजार से अधिक सीड बॉल्स तैयार किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने स्वयं सीड बॉल बनाकर अभियान में सहभागिता निभाई और जिलेवासियों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।


















