
रायपुर अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए उरला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब और बिक्री से जुड़ी नकदी बरामद की है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के निर्देश पर अवैध शराब की खरीद-फरोख्त और तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली कि उरला क्षेत्र स्थित शराब भट्ठी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रामसुगहीन दास निवासी सतनाम चौक, उरला के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 31 पौवा देशी शराब बरामद की गई। पुलिस द्वारा शराब रखने और बेचने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध शराब और बिक्री रकम सहित कुल लगभग 4,520 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














