गंज क्षेत्र से चोरी हुई बाइक बरामद, आरोपी पुलिस गिरफ्त में

0
3

रायपुर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोपहिया वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सौरभ शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जून 2026 की रात उन्होंने अपनी हीरो आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल (सीजी 04 एचटी 0457) को रेलवे स्टेशन रोड स्थित शराब दुकान के बाहर खड़ा किया था। कुछ समय बाद लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला। इसके बाद गंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। साथ ही मुखबिरों और अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश लगातार जारी रखी गई।

इसी बीच पुलिस को वाहन चोरी और आरोपी से संबंधित अहम जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने देव कुमार बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी हुई हीरो आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये है, बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपी देव कुमार बघेल (20 वर्ष) रायपुर जिले के बरबंदा, कैलाशपुरी क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here