
सरगुजा अंबिकापुर जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मृतका की पहचान सीमा यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर और देवर द्वारा उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों के अनुसार, लगातार हो रही प्रताड़ना और मानसिक तनाव के चलते सीमा ने गांव के पास एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष ने यह भी दावा किया है कि मृतका के शरीर पर मारपीट के निशान मिले हैं, जिससे शारीरिक उत्पीड़न की आशंका और गहरा गई है।
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी रही। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



















