
बीजापुर जिले के जांगला थाना क्षेत्र में भालू के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में युवक के चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोटेमेटा गांव निवासी रिंकू मंडावी शुक्रवार को पहाड़ी क्षेत्र में घूमने गया था। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले एक भालू ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को भालू के चंगुल से बचाया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया तथा 108 एम्बुलेंस की मदद से जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही के कारण ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
वन विभाग ने लोगों से जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में अकेले न जाने, खासकर शाम के समय सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में बस्तर संभाग में भालू के हमलों की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। इसे देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है और जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।


















