
रायपुर भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मछली पालन तेजी से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह अब केवल भोजन का स्रोत नहीं, बल्कि रोजगार, आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन चुका है। कम लागत, कम समय में बेहतर उत्पादन और बाजार में बढ़ती मांग के कारण गांवों में इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों से खेती को केवल धान तक सीमित न रखकर मत्स्य पालन, दुग्ध उत्पादन, दलहन, तिलहन और उद्यानिकी जैसे आयवर्धक व्यवसाय अपनाने की अपील की है। इसी दिशा में केंद्र और राज्य सरकार कई योजनाओं के जरिए मत्स्य पालन को बढ़ावा दे रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब, जलाशय, नहर और अन्य जल स्रोतों का उपयोग कर किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। प्रोटीन, विटामिन और खनिजों से भरपूर मछली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे इस क्षेत्र में आर्थिक संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
मत्स्य पालन केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि मत्स्य बीज उत्पादन, फीड निर्माण, परिवहन, प्रसंस्करण और विपणन जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के बड़े अवसर पैदा कर रहा है।
छत्तीसगढ़ सरकार मत्स्य कृषकों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में तालाब प्रबंधन, बीज उत्पादन, रोग नियंत्रण और विपणन की जानकारी दी जाती है। साथ ही प्रगतिशील मत्स्य पालकों को राज्य के बाहर अध्ययन भ्रमण भी कराया जाता है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत नए तालाब निर्माण, आधुनिक तकनीक, मत्स्य बीज उत्पादन और RAS (रिसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम) जैसी वैज्ञानिक पद्धतियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसके अलावा केज कल्चर, झींगा पालन और सजावटी मछली पालन से स्वरोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।
सरकार द्वारा शीत संयंत्र, आइस बॉक्स, प्रशीतित वाहन, ई-रिक्शा और लाइव फिश सेंटर जैसी सुविधाएं देकर विपणन व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है, जिससे उत्पाद की गुणवत्ता बनी रहे और बेहतर कीमत मिल सके।
मछुआरों की सामाजिक सुरक्षा के लिए बचत सह राहत योजना तथा निःशुल्क समूह बीमा योजना भी संचालित की जा रही है। बंद अवधि के दौरान आर्थिक सहायता और दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में वित्तीय सुरक्षा प्रदान की जाती है।
मछली पालन आज ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन चुका है। आधुनिक तकनीक, सरकारी सहायता और प्रशिक्षण के साथ यह क्षेत्र समृद्ध ग्रामीण भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।


















