80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवा शक्ति को मिलेगी प्रमुखता

0
5
Nby

रायपुरदेश इस वर्ष 80वां स्वतंत्रता दिवस युवा शक्ति और विकसित भारत@2047 के संकल्प के साथ मनाएगा। समारोह में देश के विकास में युवाओं की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी प्रमुख आकर्षण रहेगा।

नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

पहली बार लाल किले से होगा ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का विशेष आयोजन किया जाएगा। समारोह के दौरान पहली बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान किया जाएगा। लाल किले को भी ‘वंदे मातरम्’ की थीम पर आधारित पुष्प सज्जा से सजाया जाएगा।

करीब 2,500 एनसीसी कैडेट और माई भारत स्वयंसेवक ज्ञानपथ पर ‘वंदे मातरम्’ की प्रतिकृति तैयार करेंगे। समारोह में एमआई-17 हेलीकॉप्टर भी शामिल होंगे और हवाई प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय ध्वज, पुष्पवर्षा तथा ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने की स्मृति में विशेष बैनर प्रदर्शित किया जाएगा।

343 स्थानों पर बैंड प्रस्तुतियां

देशभर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत 8 से 15 अगस्त तक 343 प्रमुख स्थानों पर सशस्त्र बलों और अन्य सेवाओं के बैंड प्रस्तुतियां देंगे। इनमें सेना, नौसेना, वायु सेना, तटरक्षक बल, एनसीसी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी, रेलवे सुरक्षा बल और असम राइफल्स सहित विभिन्न संगठनों के बैंड शामिल होंगे।

युवा प्रतिभाओं को बनाया जाएगा विशेष अतिथि

समारोह की दूसरी प्रमुख थीम ‘युवा शक्ति-विकसित भारत@2047 की यात्रा का नेतृत्व’ होगी। वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित ओलंपियाड में पदक जीतने वाले 19 विद्यार्थियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

इसके अलावा युवा नवोन्मेषक, पीएम इंटर्नशिप योजना के प्रशिक्षु, स्टार्टअप से जुड़े युवा, पीएम कौशल विकास योजना के प्रशिक्षु, माई भारत स्वयंसेवक और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी समारोह में शामिल होंगे। दिल्ली सरकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित 500 विद्यार्थी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

विभिन्न क्षेत्रों के योगदानकर्ताओं को भी आमंत्रण

विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को भी समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इनमें पीएम मुद्रा योजना से लाभान्वित महिला उद्यमी, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के लाभार्थी, वैज्ञानिक और नवोन्मेषक, भारत टैक्सी सारथी, पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थी, पीएम विश्वकर्मा कारीगर, पीएम श्रम योगी मानधन के लाभार्थी, किसान और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के स्वयंसेवक शामिल हैं।

विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले दिल्ली के 1,500 से अधिक लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। ये लोग अपने पारंपरिक परिधानों में समारोह में शामिल होंगे।

आगंतुकों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

आमंत्रित लोगों के लिए दिल्ली मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। करीब 200 माई भारत और एनसीसी स्वयंसेवक आगंतुकों की सहायता करेंगे। व्हीलचेयर की आवश्यकता वाले लोगों के लिए भी विशेष मदद उपलब्ध रहेगी।

कार्यक्रम स्थल पर क्लॉकरूम, पेयजल, शौचालय और बारिश से बचाव की व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग स्थलों की जानकारी गूगल मैप्स और मैपल्स के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

समारोह समाप्त होने के बाद एनसीसी कैडेट और माई भारत स्वयंसेवक लाल किले में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। इसके तहत कार्यक्रम स्थल से कचरे को व्यवस्थित तरीके से हटाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here