
भोपालखंडवा जिले के सिंगाजी क्षेत्र की दो बहनों कावेरी डिमर और दीपिका डिमर ने भोपाल के लोअर लेक में आयोजित अश्मिता नेशनल कैनोइंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
कावेरी ने जीते तीन स्वर्ण
सीनियर वर्ग में कावेरी डिमर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सी-2 1000 मीटर, सी-4 1000 मीटर और सी-4 500 मीटर स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिभा को साबित किया है।
वहीं जूनियर वर्ग में उनकी छोटी बहन दीपिका डिमर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दीपिका ने प्रतियोगिता में एक कांस्य और दो रजत पदक अपने नाम किए।
संघर्ष से राष्ट्रीय पहचान तक का सफर
दोनों बहनों का खेल सफर संघर्षों से भरा रहा है। परिवार की आर्थिक मदद के लिए वे कभी छोटी नाव से मछली पकड़ने का काम भी करती थीं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अभ्यास और मेहनत जारी रखी और कैनोइंग में अपनी अलग पहचान बनाई।
कावेरी अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 50 से अधिक पदक जीत चुकी हैं, जबकि दीपिका के नाम भी 20 से अधिक पदक दर्ज हैं। दोनों बहनों की सफलता मेहनत, लगन और विपरीत परिस्थितियों में लक्ष्य के प्रति समर्पण की मिसाल बन गई है।













