
बिलासपुर । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें सेंटर के खिलाड़ियों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में खिलाड़ी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए और देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। खिलाड़ियों ने जोश के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त की।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया। साथ ही नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने का उद्देश्य
आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करना था। तिरंगा यात्रा के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।












