
बिलासपुर । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला संघ बिलासपुर की रेंजर लीडर निधि कश्यप का स्काउट-गाइड कोटा के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे में चयन हुआ है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित निधि बचपन से ही स्काउट-गाइड गतिविधियों से जुड़ी रही हैं। रेलवे में चयन के बाद उन्होंने बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल से सौजन्य मुलाकात की।
कलेक्टर ने दी बधाई
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने निधि कश्यप को रेलवे में चयन पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड जैसी गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में मदद करती हैं।
उन्होंने कहा कि निधि का रेलवे में चयन उनकी मेहनत, समर्पण और लंबे समय से स्काउट-गाइड गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का परिणाम है।
राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित
निधि कश्यप बचपन से ही स्काउट-गाइड से जुड़ी रही हैं और उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार भी मिल चुका है। रेंजर लीडर के रूप में उन्होंने विभिन्न सामाजिक, सेवा और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
स्काउट-गाइड से मिले प्रशिक्षण और अनुभव के साथ उनकी उपलब्धियों ने उन्हें रेलवे के स्काउट-गाइड कोटा के तहत चयन का अवसर दिलाया।
बोलीं- स्काउट-गाइड ने व्यक्तित्व विकास में निभाई अहम भूमिका
निधि कश्यप ने कलेक्टर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि स्काउट-गाइड से जुड़कर उन्हें सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के साथ काम करने का अवसर मिला। इन अनुभवों ने उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर संयुक्त राज्य सचिव बीना यादव, सहायक राज्य आयुक्त स्काउट विजय कुमार यादव, जिला मुख्य आयुक्त राजेन्द्र साहू, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पांडे, जिला आयुक्त गाइड आरती राय, जिला सचिव लता यादव और जिला संगठन आयुक्त स्काउट महेन्द्र बाबू टंडन सहित जिला संघ के पदाधिकारियों ने निधि कश्यप को बधाई और शुभकामनाएं दीं।














