
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सरकारी स्कूलों के 5,000 नियमित पद और स्वामी आत्मानंद स्कूलों के 1,812 संविदा पद शामिल हैं।
5 हजार नियमित पदों पर होगी सीधी भर्ती
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, शासकीय स्कूलों में 5 हजार नियमित शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
इनमें सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। कुल पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।
तीन परीक्षाओं की तारीख तय
भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार:
- सहायक शिक्षक: 11 अक्टूबर 2026
- शिक्षक: 25 अक्टूबर 2026
- व्याख्याता: 29 नवंबर 2026
सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद की परीक्षा तारीख अभी तय नहीं हुई है।
सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं, व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई है।
आत्मानंद स्कूलों में 1,812 संविदा पद
इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भर्ती करेगा। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इन पदों की भर्ती अधिसूचना सितंबर में जारी की जा रही है, जबकि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अक्टूबर 2026 से शुरू करने की तैयारी है।












