
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर आरोपी गौरव हेपट को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में आरोपी घटना के बाद से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। सूचना मिलने पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने फरारी के दौरान दमन-दीव, बिलासपुर और धमतरी में अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रहने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उन लोगों और ठिकानों की भी जांच कर रही है, जहां उसने शरण ली थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मूल प्रकरण के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी पृथक मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, गौरव हेपट थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, नारकोटिक्स और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।


















