
रायपुर रायपुर पुलिस ने फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर का संचालक है, जो कथित रूप से पार्षद के लेटरहेड और फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर विभिन्न दस्तावेज तैयार कर रहा था।
पार्षद ने दर्ज कराई थी शिकायत
शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड क्रमांक-37 के निर्वाचित पार्षद दीपक जायसवाल ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाम से जारी लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी इस्तेमाल किया जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आर्यन च्वॉइस सेंटर द्वारा उनके नाम के लेटरहेड पर जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और नगर निगम से संबंधित अन्य दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की जा रही है।
शिकायत के आधार पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत धारा 336(3), 340(2) और 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मंगल बाजार स्थित सेंटर पर पुलिस की दबिश
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना आजाद चौक पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायतकर्ता से पूछताछ कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और इसके बाद मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर पर छापेमारी की।
दबिश के दौरान सेंटर में मौजूद संचालक विपीन केशरी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ में आरोपी ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी उपयोग कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार कर ली।
लैपटॉप, प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त
पुलिस ने आरोपी विपीन केशरी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन जब्त की है। इन उपकरणों का उपयोग कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी विपीन केशरी (38) मूल रूप से कटरा बाजार, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में अश्वनी नगर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर में रह रहा था।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अब तक कितने फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।

















