महिला स्व-सहायता समूह की राशि में अनियमितता, 7.19 लाख रुपये के मामले में एफआईआर दर्ज

0
6
Nby

अंबिकापुर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत गठित महिला स्व-सहायता समूह की राशि में अनियमितता के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। जांच में एक महिला पर 7.19 लाख रुपये नियमों के विरुद्ध लेने का आरोप सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आई वित्तीय अनियमितता

जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी मिथलेश पैंकरा ने बताया कि महिला समूह के नाम पर राशि निकाले जाने की शिकायत मिलने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जांच समिति गठित की थी। जांच में पाया गया कि ग्राम पंचायत कोसगा की निवासी अंबानी महतवार ने आम महिला स्व-सहायता समूह से 1.20 लाख रुपये और अनमोल आजीविका ग्राम संगठन से 5.99 लाख रुपये, कुल 7.19 लाख रुपये नियमों के विपरीत प्राप्त किए।

राशि लौटाने के निर्देश के बावजूद नहीं किया भुगतान

जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अंबानी महतवार को 10 दिनों के भीतर ब्याज सहित पूरी राशि संबंधित समूहों को लौटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी राशि वापस नहीं की गई।

पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर

इसके बाद कोसगा निवासी पवित्री चौधरी ने थाना लखनपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि अंबानी महतवार करीब एक वर्ष से स्व-सहायता समूहों की राशि अपने पास रखे हुए हैं और वापस नहीं कर रही हैं। शिकायत के आधार पर थाना लखनपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वित्तीय गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी मैदानी अमले और स्व-सहायता समूहों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here