
रायपुर पुलिस ने शासकीय विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों को फर्जी चयन सूची और नियुक्ति पत्र सौंपे थे। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली में मिली शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई। आरोप था कि आरोपी खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देता था और इसके बदले अभ्यर्थियों से बड़ी रकम वसूलता था। जांच में तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोप सही पाए गए।
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने मोहम्मद इमरान कादरी (37) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहले से दर्ज हैं आठ आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जुआ और विभिन्न प्रकार की ठगी से जुड़े आठ आपराधिक मामले पहले से सिविल लाइन, तेलीबांधा, सिमगा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पूर्व में भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी या भर्ती में चयन कराने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। यदि कोई इस तरह का झांसा देता है तो उसकी जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस हेल्पलाइन को दें। पुलिस ने कहा कि आर्थिक अपराध और ठगी के मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



















