
अंबिकापुर बिश्रामपुर पुलिस ने एक महिला डॉक्टर की शिकायत पर उनके पति सहित ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उससे 20 लाख रुपये दहेज की मांग की गई और मांग पूरी नहीं होने पर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
शादी के बाद बढ़ी दहेज की मांग
पुलिस के अनुसार, शिवनंदनपुर (बिश्रामपुर) निवासी डॉ. प्रियंका जायसवाल का विवाह 30 अप्रैल 2025 को मरवाही निवासी डॉ. कोमल प्रसाद राय से हुआ था। शिकायत में कहा गया है कि तिलक समारोह में नकद राशि, सोने के आभूषण और अन्य उपहार दिए गए थे। इसके बावजूद शादी से पहले और बाद में मकान और कार के नाम पर पैसे की मांग की जाती रही। बाद में ससुराल पक्ष ने 20 लाख रुपये की मांग रखी।
मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पति शराब के नशे में अक्सर हिंसक व्यवहार करता था। जनवरी 2026 में दहेज को लेकर विवाद बढ़ने के बाद वह 26 फरवरी 2026 को मायके लौट आईं। अप्रैल 2026 में समझौते का प्रयास भी सफल नहीं हो सका।
सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
बिश्रामपुर पुलिस ने पति डॉ. कोमल प्रसाद राय सहित सात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।



















