
उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में मध्यम बारिश का अनुमान, रायपुर में भी बदलेगा मौसम
रायपुर छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
उत्तर और मध्य जिलों में ज्यादा बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
मानसून सिस्टम बना बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डालटेनगंज और कोण्टई होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजर रहा पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी सक्रिय है, जिससे प्रदेश में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
रायपुर में भी बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में सुबह धूप और उमस के बाद दिन में मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने शहर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने लोगों से बदलते मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



















