शिक्षक की मांग पर सरकारी स्कूल में तालाबंदी, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

0
10

नियमित शिक्षक की नियुक्ति तक स्कूल नहीं खोलने की चेतावनी, BEO की समझाइश भी रही बेअसर

कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड के ग्राम रांधना स्थित अमोड़ीपारा शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। नियमित शिक्षक की नियुक्ति नहीं होने से नाराज पालकों और ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे और स्कूल शुरू नहीं हो सका।

तीन साल से शिक्षक की कमी से जूझ रहा स्कूल

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय पिछले तीन वर्षों से शिक्षक संकट का सामना कर रहा है। प्रधान पाठक के संलग्नीकरण के बाद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। कई बार शिक्षा विभाग से शिकायत करने के बावजूद अब तक नियमित शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई।

शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा सुधार की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। हाल ही में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संलग्न शिक्षकों को मूल पदस्थापना वाले स्कूलों में लौटने के निर्देश जारी किए गए थे, जिसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल में नियमित शिक्षक की नियुक्ति की मांग तेज कर दी।

मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक स्कूल में नियमित शिक्षक की पदस्थापना नहीं होती, तब तक तालाबंदी जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। यह मामला एक बार फिर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को उजागर करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here