रायपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय ठग गिरोह का किया पर्दाफाश, नकली सोने का हार बेचकर 22.50 लाख की ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

0
10

मुंबई से दबोचे गए आरोपी, असली सोने का सैंपल दिखाकर पीतल के हार बेचते थे; देशभर में करोड़ों की ठगी का खुलासा


रायपुर रायपुर पुलिस ने असली सोने का झांसा देकर पीतल के हार बेचने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा व डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी शंभू राय समेत दो महिला आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया गया। गिरोह ने रायपुर में तीन अलग-अलग मामलों में 22.50 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था।

असली सोने के सैंपल से जीतते थे भरोसा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को अपना निशाना बनाते थे। वे खुद को दिहाड़ी मजदूर या खुदाई का काम करने वाला बताकर दावा करते थे कि खुदाई के दौरान उन्हें पुराने समय के सोने के आभूषण मिले हैं। भरोसा जीतने के लिए वे हार का छोटा टुकड़ा जांच के लिए देते थे, जो वास्तव में असली सोना होता था। जांच में सैंपल सही निकलने के बाद पीड़ित उनके झांसे में आ जाते और लाखों रुपये देकर पूरा हार खरीद लेते, जो बाद में पीतल का निकलता था।

रायपुर में तीन मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर में एक कारोबारी से ₹2.50 लाख, तेलीबांधा में ₹10 लाख और डीडी नगर क्षेत्र में ₹10 लाख की ठगी की गई थी। तीनों मामलों में आरोपियों ने एक जैसी योजना अपनाकर पीड़ितों को नकली हार बेच दिया।

मुंबई से गिरफ्तारी, 12 लाख का सामान जब्त

तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। मुंबई में दबिश देकर शंभू राय, गीता गुजराती और शांति गुजराती को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से ₹9 लाख नकद, 12 चांदी के सिक्के, पीतल के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल 4 मोबाइल फोन तथा करीब ₹12 लाख का अन्य सामान जब्त किया गया। साथ ही मुख्य आरोपी के पास से चार फर्जी आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।

कई राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने देशभर में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है। अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here