रायपुर स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पदक विजेताओं का किया सम्मान

0
8


रायपुर छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के अंतिम सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। ‘विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासकों, विशेषज्ञों, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

खेलों के लिए मील का पत्थर बनेगा कॉन्क्लेव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रायपुर में आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक नई शुरुआत है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया शुभारंभ

कॉन्क्लेव का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में सभी जिलों में खेल संघों के गठन, उनके मजबूत संगठनात्मक ढांचे, नियमित गतिविधियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास के लिए मजबूत संस्थागत व्यवस्था आवश्यक है।

देशभर के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव

कॉन्क्लेव में खेल प्रशासन, खेल विज्ञान, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के समग्र विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। विभिन्न राज्यों से आए खेल विशेषज्ञों और अधिकारियों ने खेलों में आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन पर भी चर्चा की।

किरण पिस्दा ने खिलाड़ियों को किया प्रेरित

कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवा खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here