
जशपुरनगर एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कुनकुरी विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा अधिकारियों और लैब टेक्नीशियनों को विशेष प्रशिक्षण दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी के सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा के निर्देशन तथा जिला नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद रात्रि के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. कुजूर ने की।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. अभिषेक गुप्ता ने एनीमिया के कारण, लक्षण, जांच, उपचार, निगरानी और बचाव संबंधी जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को गंभीर, मध्यम और संवेदनशील वर्ग के मरीजों की समय पर जांच, रक्त नमूना संग्रह और रिपोर्ट के आधार पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. के. कुजूर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और बहार फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित यह अभियान जनस्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अगस्त माह में विकासखंड की सभी 51 ग्राम पंचायतों में एनीमिया जांच, उपचार और विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण में सेहत साथियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 25 हजार लोगों की हीमोग्लोबिन (एचबी) जांच की जा चुकी है। साथ ही समूह बैठकों, परिवार भ्रमण, दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक, जिंगल, माइकिंग और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को एनीमिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
















