
दुर्ग पुलिस ने जेवरा सिरसा क्षेत्र में हुई हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी बरामद की है।
रास्ता रोककर किया हमला, लूट का किया प्रयास
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की देर रात ग्राम तुमाकला निवासी चोवाराम लोधी अपने परिचित भूषण पटेल और प्रकाश सिंह कश्यप के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे दुर्ग-धमधा रोड स्थित जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के पास काले रंग की डिस्कवर बाइक पर सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और विवाद शुरू कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान उन्होंने प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल प्रकाश सिंह कश्यप को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 311 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
100 से अधिक CCTV फुटेज से मिली सफलता
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ संदिग्ध मोटरसाइकिल की आवाजाही का विश्लेषण किया।
जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

















