अमरकंटक से भोरमदेव तक भावना बोहरा की 151 किमी कांवड़ पदयात्रा शुरू

0
11

कवर्धासावन माह के द्वितीय सोमवार के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा की शुरुआत की। इस यात्रा में 600 से अधिक कांवड़ यात्री शामिल हुए। यात्रा में अपने मूल धर्म में वापसी करने वाले 15 बैगा आदिवासी समाज के लोगों ने भी सहभागिता की।

यात्रा की शुरुआत से पहले भावना बोहरा ने मां नर्मदा और नर्मदेश्वर महादेव की पूजा कर छत्तीसगढ़ की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रियों ने भोरमदेव की ओर प्रस्थान किया।

7 दिनों में पूरी होगी यात्रा

यह कांवड़ पदयात्रा 10 से 16 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। यात्रा का समापन जलेश्वर महादेव डोंगरिया और भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ होगा।

पहले दिन यात्रा मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से शुरू होकर गणेश मंदिर पहाड़, आमडोल और खपरा खोल होते हुए लमनी तक पहुंचेगी। घने जंगलों, दुर्गम पगडंडियों और प्राकृतिक वातावरण के बीच श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं के साथ बिताया समय

यात्रा शुरू होने से एक दिन पहले भावना बोहरा ने अमरकंटक के मेला मैदान में कबीरधाम जिले से पहुंचे कांवड़ यात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने श्रद्धालुओं को भोजन परोसा और भजन संध्या में भी शामिल हुईं।

यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अलावा भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।

श्रद्धा, सेवा और संकल्प का संदेश

भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि मां नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना के साथ यह यात्रा शुरू की गई है।

उन्होंने कांवड़ यात्रा को आस्था, तपस्या, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं लोगों को प्रकृति, पर्यावरण और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करती हैं। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से जोड़े रखने को भी यात्रा का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताया।

इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, कांवड़ यात्री और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here