PHC भाटगांव को NQAS में 91.47% स्कोर, राष्ट्रीय स्तर पर मिला प्रमाणन

0
11

ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र ने गुणवत्ता के मानकों पर हासिल की बड़ी उपलब्धि


सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भाटगांव ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केंद्र को National Quality Assurance Standards (NQAS) के राष्ट्रीय मूल्यांकन में 91.47 प्रतिशत का उत्कृष्ट स्कोर मिला है। इसके आधार पर PHC भाटगांव को National NQAS Certification प्रदान किया गया है।

यह उपलब्धि जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के नेतृत्व, BMO डॉ. शशि जायसवाल के मार्गदर्शन और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अजय सहित पूरे स्वास्थ्य केंद्र की टीम के प्रयासों से हासिल हुई।

दो दिन चला राष्ट्रीय मूल्यांकन

PHC भाटगांव का राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन 3 और 4 जुलाई 2026 को किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण, दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता, मरीजों के अधिकार, रिकॉर्ड प्रबंधन, मानव संसाधन, आपातकालीन सेवाओं और गुणवत्ता सुधार की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

मूल्यांकन में 91.47 प्रतिशत अंक हासिल करना स्वास्थ्य केंद्र की बेहतर कार्यप्रणाली और मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्रमाणन के साथ बढ़ी जिम्मेदारी

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अजय ने कहा कि यह प्रमाणन पूरी टीम की मेहनत और लगातार गुणवत्ता सुधार का परिणाम है। उन्होंने इसे उपलब्धि के साथ-साथ भविष्य में सेवाओं को और बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी भी बताया।

BMO डॉ. शशि जायसवाल और CMHO डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने भी पूरी टीम को बधाई दी। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य संस्था का राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।

टीम के सामूहिक प्रयास से मिली सफलता

इस उपलब्धि में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्टाफ नर्स, CHO, RHO, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, डाटा एंट्री ऑपरेटर, मितानिनों और अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, NQAS प्रमाणन से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और मजबूत करने के साथ ग्रामीण लोगों का स्वास्थ्य केंद्र पर भरोसा बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here