अमरावती के अस्पताल में भीषण आग, 3 नवजात बच्चों की मौत

0
68

अमरावती महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु वार्ड में सोमवार तड़के आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। घटना के समय NICU में 39 बच्चों का इलाज चल रहा था।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद लगी आग

प्रारंभिक जांच के अनुसार, रात करीब 3:15 से 3:30 बजे के बीच अस्पताल की तीसरी मंजिल स्थित NICU में वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगी। देखते ही देखते आग और धुएं ने वार्ड के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कई नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद 6 बच्चों को इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

NICU का सामान जलकर खाक

आग इतनी भीषण थी कि NICU में लगी मशीनें और अन्य उपकरण पूरी तरह जल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

अमरावती पुलिस आयुक्त राकेश ओला के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह वेंटिलेटर को माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

सरकार ने दिए जांच के आदेश

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने हादसे पर दुख जताते हुए घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायल बच्चों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

हादसे में तीन नवजातों की मौत से अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here