
पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी, कई राज्यों में अगले दो दिन मौसम रहेगा सक्रिय
नई दिल्ली । मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों क्षेत्रों में आज भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है।
वहीं आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और झारखंड में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के चलते इन राज्यों में स्थानीय स्तर पर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इधर, दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में आज भी मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।



















