दंतेवाड़ा में सफाई के दौरान सर्विस राइफल से चली गोली, CISF प्रधान आरक्षक की मौत

0
147

दंतेवाड़ा जिले के बचेली स्थित CISF कैंप में सर्विस राइफल की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जवान के परिजनों को सूचना दी और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक जवान की पहचान दत्तात्राया पिता शिवाजी बी. वांगने, निवासी अहिल्यानगर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बचेली के 10-11 ए कैंप स्थित पोटाकेबिन क्रमांक-3 में प्रधान आरक्षक दत्तात्राया अपनी सर्विस राइफल की सफाई कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक राइफल से दो राउंड फायर हो गए। गोली लगने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद जवान के शव को अपोलो अस्पताल, NMDC बचेली की मर्च्यूरी में रखा गया था। आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया है। जवान के परिजन भी बचेली पहुंच चुके हैं।

जांच के बाद स्पष्ट होगा घटना का कारण

पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घटना की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। FSL टीम द्वारा घटनास्थल के निरीक्षण, जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही गोली चलने के वास्तविक कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here