देहरादून में 15 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, स्वच्छता से लेकर खेल गतिविधियों तक होंगे आयोजन

0
8

देहरादून में आगामी 15 सितंबर से 18 अक्टूबर तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से नागरिकों को जोड़ने के साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलक्ट्रेट में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर अभियान की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।

सरकारी संस्थानों से गांवों तक चलेगा अभियान

अभियान के दौरान सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण और अन्य जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम 25 मिनट देश के नाम समर्पित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण और डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियों में भागीदारी कराई जाएगी।

स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों पर भी रहेगा जोर

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वास्थ्य शिविरों और रक्तदान कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही दिव्यांगजनों की सहायता के लिए कृत्रिम अंग वितरण जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

प्रशासन का लक्ष्य अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ उन्हें सामाजिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदार बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here