
नई दिल्ली । गुजरात के गांधीनगर के कुड़ासण इलाके में निर्माणाधीन इमारत का स्लैब अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के समय मौके पर काम कर रहे करीब 15 मजदूर और कर्मचारी स्लैब के साथ नीचे गिर गए। राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और अब किसी के मलबे में फंसे होने की आशंका नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, दो बिल्डिंग स्ट्रक्चर के बीच एक नया स्ट्रक्चर तैयार करने का काम चल रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन स्लैब अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हादसे में 10 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं तीन घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
डिप्टी सीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन और बचाव दल की टीमें मलबा हटाने में जुटी हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, मलबा पूरी तरह हटाए जाने तक बचाव और राहत का काम जारी रहेगा। साथ ही स्लैब गिरने के कारणों की जांच भी की जा रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।


















