भंडारा में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई बोलेरो; छत्तीसगढ़ के 9 यात्रियों की मौत

0
255

भंडारा महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 छोटे बच्चे शामिल हैं। हादसा नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिंपलगांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

बताया जा रहा है कि बोलेरो में करीब 16 से 17 लोग सवार थे। सभी छत्तीसगढ़ से तीज पर्व के लिए नागपुर जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों व राहगीरों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं इलाज के लिए नागपुर ले जाई जा रही एक महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।

चार मृतक एक ही परिवार के

जानकारी के अनुसार, मृतकों में चार लोग एक ही परिवार से थे। मृतक बच्चों की उम्र 5 साल से कम बताई जा रही है। हादसे में बोलेरो चालक समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

घायलों में चालक और तीन बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

रात करीब 3 बजे हुआ हादसा

डॉ. लक्ष्मीकांत शहारे के अनुसार, हादसा मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच हुआ। रात करीब 3 बजे बोलेरो सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। शुरुआती इलाज साकोली अस्पताल में किया गया, जिसके बाद घायलों को भंडारा और जरूरत के अनुसार नागपुर रेफर किया गया।

हादसे में अपने परिवार की सदस्य को खोने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि सभी लोग छत्तीसगढ़ से तीज का त्योहार मनाने नागपुर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में उनकी भांजी सरिता वर्मा भी शामिल हैं।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here