‘जय जय राम’ के साथ शुरू हुआ ‘रामायणम्’ का संगीतमय सफर, पहला गाना रिलीज

0
107

मुंबई नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म के ट्रेलर को मिले शानदार ग्लोबल रिस्पॉन्स के बाद अब गणेश चतुर्थी के मौके पर मेकर्स ने इसका पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया है।

इस भक्ति गीत को ए.आर. रहमान ने संगीत दिया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है।

भक्ति और भव्य संगीत का संगम

‘जय जय राम’ भगवान श्रीराम को समर्पित भक्ति गीत है। इसमें आरती की आध्यात्मिक अनुभूति को बड़े सिनेमाई अंदाज में पेश किया गया है। गाने के बोल श्रीराम की करुणा, धर्म, रक्षा और मार्गदर्शन की भावना को सामने लाते हैं।

गाने में लगातार गूंजता ‘जय जय राम’ का जाप इसे भक्ति से जोड़ता है। रहमान का संगीत, कुमार विश्वास की भावपूर्ण लेखनी और अरिजीत-श्रेया की आवाज मिलकर गीत को एक अलग भावनात्मक प्रभाव देती है।

नमित मल्होत्रा बोले- भावनाएं और भक्ति हैं फिल्म की नींव

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि श्रीराम ‘रामायणम्’ के केंद्र में हैं और पीढ़ियों से लोगों के मार्गदर्शक रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म भले ही बड़े पैमाने पर बनाई गई हो, लेकिन इसकी बुनियाद भावनाओं, मूल्यों और भक्ति पर टिकी है।

उनके मुताबिक, ‘जय जय राम’ के जरिए श्रीराम को केवल आराध्य के रूप में नहीं, बल्कि लोगों के भीतर मौजूद रक्षक, मार्गदर्शक और शक्ति के स्रोत के तौर पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

रहमान ने बताया गाने के पीछे का विचार

ए.आर. रहमान ने बताया कि गाने का मूल आधार श्रीराम के नाम का सरल और प्रभावशाली जाप है। कोशिश रही कि गीत की पवित्रता और अपनापन बरकरार रहे, साथ ही इसकी प्रस्तुति फिल्म के भव्य स्तर के अनुरूप हो।

वहीं, कुमार विश्वास ने कहा कि ‘जय जय राम’ तीन सरल लेकिन शक्तिशाली शब्द हैं। उनका उद्देश्य श्रीराम का वर्णन करना नहीं, बल्कि भक्त और भगवान के बीच के भावनात्मक रिश्ते को शब्द देना था। उन्होंने गीत की भाषा को सरल रखने पर जोर दिया।

ट्रेलर के बाद गाने ने बढ़ाई फिल्म की चर्चा

‘जय जय राम’ ऐसे समय रिलीज हुआ है, जब ‘रामायणम्’ के ट्रेलर को दुनियाभर में अच्छी प्रतिक्रिया मिल चुकी है। मेकर्स के मुताबिक, ट्रेलर ने रिलीज के छह दिनों में विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर एक बिलियन से ज्यादा डिजिटल व्यूज़ हासिल किए थे।

अब पहले गाने की रिलीज के बाद फिल्म की म्यूजिकल जर्नी भी शुरू हो गई है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

रणबीर कपूर बनेंगे श्रीराम, यश निभाएंगे रावण का किरदार

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। भारत को छोड़कर दुनियाभर में सोनी पिक्चर्स फिल्म को रिलीज करेगी।

‘रामायणम्’ का पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here