2.20 करोड़ के इनामी माओवादी असीम मंडल गिरफ्तार, तीन राज्यों में 55 मामलों में था वांछित

0
4


नई दिल्ली  पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को माओवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में सफलता मिली है। STF ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के पटाशपुर इलाके से माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, असीम मंडल CPI (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य और पश्चिम बंगाल राज्य समिति-1 का सचिव बताया जाता है।

2.20 करोड़ रुपये का था इनाम

पुलिस के मुताबिक, असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा सरकारों ने कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। झारखंड सरकार की ओर से उस पर 1 करोड़ रुपये, जबकि ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था।

असीम मंडल पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में करीब 55 मामलों में वांछित बताया जा रहा है। पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना इलाके का रहने वाला असीम लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था।

सारंडा समेत कई इलाकों में सक्रिय रहने का दावा

जांच एजेंसियों के अनुसार, असीम मंडल झारखंड के सारंडा समेत उन इलाकों में सक्रिय रहा है, जहां माओवादी गतिविधियां रही हैं। उसके खिलाफ दर्ज मामलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ और अन्य हिंसक घटनाओं से जुड़े मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर 2018 से 2026 के बीच झारखंड के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा बलों के साथ हुई कई मुठभेड़ों में उसकी कथित भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क की जांच तेज

असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसके संपर्कों और माओवादी नेटवर्क से जुड़े मामलों की जांच तेज कर दी है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके किन लोगों से संपर्क थे और अलग-अलग राज्यों में संगठन का नेटवर्क किस तरह काम कर रहा था।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने STF की कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा कि राज्य में माओवादी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने या उसका विस्तार करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

असीम मंडल की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान जारी है। अब जांच एजेंसियों का फोकस उसके नेटवर्क, संपर्कों और उससे जुड़े मामलों की आगे की पड़ताल पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here