खराब सड़कों पर PWD मंत्री अरुण साव नाराज, 15 अक्टूबर तक मरम्मत के निर्देश

0
10

रायपुर प्रदेश में बारिश के कारण खराब हुई सड़कों और पुलों की स्थिति को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों समेत सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति जांचने के निर्देश

नवा रायपुर स्थित PWD मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में अरुण साव ने सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और कार्यपालन अभियंताओं से प्रदेश में सड़कों और पुलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अगले दो-तीन दिनों में अपने क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की स्थिति का जायजा लेने को कहा।

उन्होंने मरम्मत और संधारण के लिए जरूरत के मुताबिक पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने तथा तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों, पुलों और डिवाइडरों की मरम्मत के साथ उनकी साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराने को भी कहा।

15 अक्टूबर से नए निर्माण कार्यों में तेजी

मंत्री ने कहा कि जिन नए निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है, उन्हें 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन, जरूरत के अनुसार डायवर्टेड रूट और उचित साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण संबंधित ठेकेदारों से तत्काल कराने के निर्देश दिए।

सप्ताह में दो-तीन दिन फील्ड में रहेंगे अधिकारी

अरुण साव ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को सप्ताह में दो-तीन दिन फील्ड में रहने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता की निगरानी करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से अच्छे और गुणवत्तापूर्ण काम के जरिए विभाग की सकारात्मक छवि मजबूत करने पर जोर दिया।

PWD कार्यालयों में चलेगा स्वच्छता अभियान

बैठक में मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने विभाग के सभी कार्यालयों को गंदगी, कबाड़ और कचरे से मुक्त रखने तथा कार्यालयीन भवनों और परिसरों के उचित रखरखाव पर जोर दिया।

बैठक में PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here