
मोहला सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 18 सितंबर को शासकीय हाईस्कूल मूकादाह, थाना गोटाटोला में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नशे से होने वाले नुकसान बताए
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग, नशामुक्ति केंद्र और पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान नशे की लत से बचाव और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों के साथ अभिभावक और शिक्षक भी हुए शामिल
जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सरपंच ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई।
स्वस्थ समाज के निर्माण पर जोर
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। साथ ही सामूहिक सहभागिता के जरिए नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
















