
रायपुर राजधानी रायपुर के घड़ी चौक में साहू समाज के कार्यक्रम के दौरान तीन लोगों की जेब से कुल 65,200 रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज चोरी होने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम भी बरामद की है। मामले में एक आरोपी छवी यादव अभी फरार बताया जा रहा है।
तीन लोगों की जेब से गायब हुए थे रुपये और दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, घटना 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 4 बजे की है। घड़ी चौक में साहू समाज का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपनी जींस की पीछे वाली जेब चेक की तो उसमें रखे 30,200 रुपये गायब मिले।
इसके बाद कार्यक्रम में शामिल रोबिन साहू के पास रखे 5,000 रुपये और शिवनंद साहू की जेब में रखा पर्स भी नहीं मिला। पर्स में 30,000 रुपये, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड था। इस तरह तीनों से कुल 65,200 रुपये और दस्तावेज चोरी हुए।
CCTV फुटेज और मुखबिरों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 503/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्यक्रम स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही आरोपियों की पहचान के लिए मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद दीपक निर्मलकर, सुरेश बाघ, राजेश चौहान और राजू साहू को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी की रकम बरामद की गई।
संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी गई
पुलिस ने मामले में धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी है। वहीं, पुलिस के अनुसार आरोपी छवी यादव फरार है और उसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- दीपक निर्मलकर, उम्र 30 वर्ष, आजाद चौक क्षेत्र, रायपुर
- सुरेश बाघ, उम्र 40 वर्ष, समता कॉलोनी, रायपुर
- राजेश चौहान, उम्र 32 वर्ष, बजरंग नगर, रायपुर
- राजू साहू, उम्र 42 वर्ष, गोदंवारा रोड, रायपुर















