रायपुर पुलिस को मिला नया हाईटेक सेंटर, कमिश्नर शुक्ला ने ‘संकल्प सभागृह’ का किया उद्घाटन

0
10

रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और वीआईपी प्रोटोकॉल को बेहतर बनाने के लिए रायपुर पुलिस ने नई सुविधाएं शुरू की हैं। यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में अत्याधुनिक मीटिंग रूम ‘संकल्प सभागृह’ के साथ तीन नए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) यातायात कार्यालयों का उद्घाटन किया गया।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने फीता काटकर इन सुविधाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त क्राइम, पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

आधुनिक तकनीक से लैस है ‘संकल्प सभागृह’

उद्घाटन के बाद पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों ने संकल्प सभागृह और नए ACP कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां उपलब्ध तकनीकी और आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली गई।

ऑडियो-विजुअल सिस्टम और डिजिटल कनेक्टिविटी से लैस संकल्प सभागृह में यातायात व्यवस्था की दैनिक समीक्षा, आपात स्थिति में रणनीति तैयार करने, वीआईपी मूवमेंट की ब्रीफिंग और पुलिस बल के प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसे यातायात विभाग के बैठक और समन्वय केंद्र के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा।

तीन नए ACP कार्यालय, फील्ड मॉनिटरिंग पर जोर

कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए तीन नए ACP कार्यालय स्थापित किए गए हैं। इनमें दो कार्यालय यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में और एक कार्यालय ITMS परिसर में बनाया गया है।

इन कार्यालयों के जरिए फील्ड ऑपरेशंस की निगरानी, यातायात से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय और नागरिकों की यातायात संबंधी शिकायतों के समाधान में तेजी लाने का लक्ष्य रखा गया है।

कमिश्नर बोले- आधुनिक सुविधाओं का प्रभावी इस्तेमाल करें

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से सिर्फ कार्यक्षमता ही नहीं बढ़ती, बल्कि टीमवर्क, बेहतर समन्वय और त्वरित संवाद को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से नई सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए रायपुर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए काम करने पर जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here