नागालैंड में संदिग्ध जहरीली शराब से 19 मौतें, 19 गिरफ्तार; 3 हजार बोतलें जब्त

0
9

नागालैंड के मोकोकचुंग और तुएनसांग जिलों में पिछले दो दिनों के दौरान कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत की खबर है। घटना के बाद पुलिस ने अवैध शराब के स्रोत और उसकी सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है। मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मोकोकचुंग में 8 और तुएनसांग में 11 मौतें

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मोकोकचुंग जिले में आठ और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत हुई है। मौतों के कारण और संदिग्ध शराब के स्रोत की जांच के लिए ASP बुंगलांग चांग की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है।

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन फिलहाल उनके बारे में जानकारी साझा करना जल्दबाजी होगी। शराब के नमूने मौतों की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए फोरेंसिक जांच हेतु गुवाहाटी की प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

छापेमारी में 19 गिरफ्तार, 3 हजार बोतलें जब्त

घटनाओं के बाद पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 19 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ करीब 3,000 बोतलें शराब जब्त की गई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध शराब कहां से आई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया गया।

नागालैंड में 1990 से शराबबंदी कानून

नागालैंड में वर्ष 1990 से शराबबंदी कानून लागू है। इसके बावजूद राज्य में अवैध शराब की बिक्री और सेवन की समस्या बनी हुई है। पुलिस लगातार लोगों को बिना लेबल, बिना पहचान या संदिग्ध स्रोत से मिलने वाली शराब का सेवन न करने की सलाह देती रही है।

पुलिस के अनुसार, शराब पीने के बाद चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में परेशानी या बेहोशी जैसे लक्षण नजर आएं तो तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।

इसी महीने तुएनसांग में भी हुई थी 9 मौतें

इस महीने की शुरुआत में तुएनसांग सिविल अस्पताल में संदिग्ध मिलावटी शराब पीने के बाद कम से कम नौ लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल थे। इसके बाद राज्य पुलिस ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से अनजान या अनधिकृत स्रोतों से शराब नहीं लेने की अपील की थी।

फिलहाल ताजा मामले में मौतों की वास्तविक वजह फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here