25 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप, शोएब ढेबर गिरफ्तार; 5 आईफोन जब्त

0
17

रायपुर । राजधानी रायपुर में विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा और उनके परिवार को निशाना बनाया था।

विदेशी नंबर से भेजे थे धमकी भरे मैसेज

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश आए थे। संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और 25 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की।

पुलिस के मुताबिक, रकम नहीं देने पर कुकरेजा, उनके पुत्र अजीत और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या करने तथा रायपुर और तेलीबांधा क्षेत्र में हत्या करवाने की धमकी दी गई थी।

कुकरेजा की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 403/26 दर्ज किया गया। मामले में धारा 308(4), 351(3) और 351(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने प्रार्थी के मोबाइल पर आए विदेशी नंबर, उससे जुड़े अन्य मोबाइल नंबरों, संपर्कों और उपलब्ध डिजिटल इनपुट का तकनीकी विश्लेषण किया। धमकी भरे व्हाट्सऐप संदेशों और वीडियो से मिली जानकारी के आधार पर अलग-अलग कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी की पहचान शोएब ढेबर, निवासी खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई। इसके बाद उसे पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

5 आईफोन जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित 5 आईफोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब ढेबर, पिता अनवर ढेबर, उम्र 26 वर्ष, निवासी पॉम बेलाजियो, फ्लैट नंबर 803 बी, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस मामले में धमकी देने के पूरे नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here