दंतेवाड़ा को कृषि क्षेत्र में राष्ट्रीय सम्मान, सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई

0
3

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत मिला ‘Certificate of Excellence’, कृषि विकास और फसल विविधीकरण के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान


रायपुर । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों और किसानों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों के चलते राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से जिले को ‘Certificate of Excellence’ प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले की प्रशासनिक टीम, कृषि विभाग और किसानों को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दंतेवाड़ा को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में प्रशासनिक टीम, कृषि विभाग और मेहनतकश किसानों ने कृषि विकास, फसल विविधीकरण और आजीविका संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए हैं। इसी का परिणाम है कि जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व को मिली पहचान

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में जिले में कृषि विकास और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को गति दी जा रही है। यह सम्मान किसानों की प्रगति सुनिश्चित करने, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मान्यता देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

योजना का उद्देश्य और महत्व

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि उत्पादकता बढ़ाना, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना और किसानों को बेहतर कृषि संसाधन उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत देश के 100 ऐसे कृषि जिलों में खेती की स्थिति सुधारने पर ध्यान दिया जाता है, जहां कृषि उत्पादकता कम है, फसल सघनता कमजोर है और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से ऋण उपलब्धता में चुनौतियां हैं। इसके अंतर्गत हर खेत तक सिंचाई की सुविधा पहुंचाने, पंचायत और ब्लॉक स्तर पर भंडारण क्षमता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा किसानों को आसान और सस्ता ऋण उपलब्ध कराने जैसे प्रयास किए जाते हैं।

जनजातीय बहुल दंतेवाड़ा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि

जनजातीय बहुल दंतेवाड़ा जिले के लिए यह सम्मान विशेष महत्व रखता है। इससे कृषि विकास और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के साथ किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को प्रोत्साहन मिलेगा।

यह सम्मान कृषि विभाग के अधिकारियों, मैदानी अमले, किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना है। इससे जिले में कृषि को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाने के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here