मणिपुर में 24 घंटे के भीतर 9 लोगों की हत्या, कई घरों और दुकानों में लगाई आग

0
54

नगा और कुकी समुदायों के बीच झड़प से बढ़ा तनाव, कामजोंग में 14 घर जलाए जाने की सूचना; चासाद पुलिस स्टेशन के आसपास निषेधाज्ञा लागू

मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। कामजोंग, कांगपोकपी और उखरुल जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान नगा और कुकी समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। हिंसा के दौरान कई घरों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने कामजोंग जिले के चासाद पुलिस स्टेशन के 400 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। वहीं, कुकी संगठनों ने कांगपोकपी जिले में बंद का आह्वान किया है।

महिला की मौत के बाद भड़की हिंसा

रिपोर्ट के मुताबिक, हिंसा की शुरुआत नागा-बहुल कामजोंग जिले के कुकी-बहुल चासाद गांव में एक 42 वर्षीय महिला की मौत के बाद हुई। महिला को शुक्रवार रात सशस्त्र समूहों और सुरक्षा बलों के बीच हुई गोलीबारी के दौरान गोली लगी थी।

पुलिस के अनुसार, सुरक्षाकर्मी पुलिस स्टेशन के पास बने अवैध बंकरों को हटाने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसकी चपेट में आकर महिला घायल हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई।

कई घर और दुकानें जलाई गईं

महिला की मौत के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। शनिवार को कामजोंग और उखरुल जिलों में हुई हिंसा में कम से कम पांच लोगों की मौत की सूचना मिली। चासाद में 10 घरों और 20 दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। वहीं, कामजोंग जिले में कुल 14 घर जलाए जाने की सूचना है।

उखरुल में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

रिपोर्ट के अनुसार, उखरुल जिले में याओलेन के पास 40 वर्षीय संदीप राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, शनिवार तड़के कामजोंग जिले के निंगचोउ गांव में दो नगा ग्रामीणों की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

प्रशासन सतर्क, इलाके में तनाव

लगातार हो रही हिंसा के बाद प्रशासन ने चासाद पुलिस स्टेशन के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी है। कांगपोकपी जिले में कुकी संगठनों की ओर से बंद बुलाए जाने के बीच क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here